नीमच
कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए मुकेश जाट बने नगरपरिषद नयागांव के अध्यक्ष

नयागांव। नगर परिषद नयागांव के चुनाव में राजनीति अपने चरम पर रही। जावद विधानसभा के एक नेता की हठधर्मिता से कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए मुकेश जाट नयागांव परिषद के अध्यक्ष बने।
निकाय चुनाव में कांग्रेस व कांग्रेस समर्थित पार्षद ज्यादा चुने गए थे। लेकिन कांग्रेस के जावद विधानसभा के एक नेताजी अपने खास को वहां अध्यक्ष बनाना चाहते थे। इसी कारण मुकेश जाट ने अपने अन्य 3 निर्दलीय पार्षदों के साथ भाजपा जॉइन कर ली और भाजपा को बहुमत में ला कर खड़ा कर दिया। भाजपा ने रविवार को मुकेश जाट को अपना अध्यक्ष पद का उम्मीदवार घोषित किया और परिणाम स्वरूप मुकेश जाट को 15 में से 12 वोट मिले। वहीं कांग्रेस के अमृत शर्मा को कुल 2 वोट मिले, 1 वोट निरस्त हुआ।
वहीं उपाध्यक्ष पद पर हरीश धाकड विजय हुए। इस तरह भाजपा ने नयागांव नगर परिषद पर अपना दबदबा कायम रखा।